अश्लील हरकत का आरोपी बीईओ आफिस में अटैच

यमकेश्वर। क्षेत्र के एक विद्यालय में 14 अगस्त को एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक को खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय विथ्याणी में अटैच किया गया है। साथ ही मामले की जांच संकुल प्रभारी को सौंपी गई है। शिक्षक का पहले भी अश्लील हरकत करने के मामले में तबादला हुआ था।
मामले के अनुसार प्रखंड के एक विद्यालय में कक्षा 10 वीं की एक छात्रा को 14 अगस्त को शिक्षक ने अपराह्न छुट्टी के बाद कमरे में बुलाया। इसके बाद उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। इस पर छात्रा वहां से निकल भागी और इसकी जानकारी परिजनों को दी। वहीं इसकी जानकारी अभिभावक शिक्षक संघ को भी हुई। अभिभावक शिक्षक संघ और छात्रा के परिजनों से माफी मांगने के बाद शिक्षक को विद्यालय से तत्काल चले जाने पर ही छोड़ा गया।
आरोपी शिक्षक पहले भी पूर्व तैनाती स्थल में एक छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करते हुए पकड़ा गया था। उसके बाद ही यह शिक्षक इस विद्यालय में स्थानातंरित होकर आया था। यहां पर भी उसने छात्रा के साथ अश्लील हरकत कर दी। ब्लाक प्रमुख प्रशांत बडोनी ने आरोपी शिक्षक को दंडित करने की मांग की है। खंड शिक्षाधिकारी ने आरोपी शिक्षक पर लगे आरोपों की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है।

Related posts