अंडर-10 बालक वर्ग के एकल में शिवम विजेता

पौड़ी। सब जूनियर वर्ग की राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर- 10 बालक वर्ग के एकल मुकाबला शिवम ने जीता। युगल मुकाबले में शुभम और आराध्य की जोड़ी चैंपियन रही।
गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन की पहल पर इंडोर स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में शनिवार को अंडर-10 बालक वर्ग के एकल का फाइनल खेला गया। शिवम ने आराध्य को हराकर एकल मुकाबला जीता। इसी वर्ग के युगल के फाइनल मैच में शुभम-आराध्य की जोड़ी ने कबीर-कुशाग्र की जोड़ी को हराया। अंडर-10 बालिका वर्ग के युगल के फाइनल में अवंतिका-वर्तिका की जोड़ी ने आना-शुभांगी की जोड़ी को हराया। अंडर-13 बालिका वर्ग के युुगल के फाइनल में उन्नति बिष्ट-स्नेहा की जोड़ी अवंतिका-प्रियंका की जोड़ी पर भारी पड़ी।
अंडर- 10 बालिका वर्ग के एकल के सेमीफाइनल में आन्या चौहान ने वर्तिका को, अवंतिका पांडे ने शुभांगी कंडवाल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-13 बालक वर्ग के एकल के सेमीफाइनल मैचों में ध्रुव रावत ने ऋषिराज, चयनित जोशी ने तुषार भंडारी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसी आयु वर्ग के युगल के सेमीफाइनल में ध्रुव-चयनित की जोेड़ी ने श्रीष-अमन की जोड़ी को, तुषार-अरियेश की जोड़ी ने अनुज-अभिमान की जोड़ी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-15 बालक वर्ग के एकल के सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने चयनित जोशी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-15 बालिका वर्ग के एकल के सेमीफाइनल मैच में अक्षिता भंडारी ने स्नेहा रजवार को, उन्नति बिष्ट ने शैफाली को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-17 बालक वर्ग के एकल के सेमीफाइनल में बोधित जोशी ने चिराग सेन को, लक्ष्य सेन ने वैभव चौहान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

Related posts