
पिथौरागढ़। पीजी कालेज पिथौरागढ़ में नया शिक्षण सत्र शुरू होने के साथ ही छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हालांकि अभी चुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई है। उसके बाद भी छात्र संगठनों ने महाविद्यालय में पोस्टर, बैनर लगाने शुरू कर दिए हैं। चुनाव से पहले शुरू हुए प्रचार-प्रसार की वजह से पठन-पाठन भी प्रभावित हो रहा है।
लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के तहत अधिसूचना जारी होने के बाद महज दस दिन तक प्रचार करने की अनुमति दी जाती हैं। प्रचार सामग्री में इश्तहार, मुद्रित पंपलेट का उपयोग करने और कक्षाओें के संचालन में खलल डालने वाले प्रत्याशी को निराकृत करने का पूरा अधिकार महाविद्यालय प्रशासन के पास होता है। पीजी कालेज के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा.अजय शुक्ल ने बताया कि बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशी के बारे में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा लिया गया अंतिम निर्णय मान्य होता है। इसके खिलाफ न्यायालय में वाद भी दायर का अधिकार प्रत्याशी के पास नहीं होता है। उन्होंने महाविद्यालय में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की बात कही है।
