सीओ से मिले पूर्व विधायक, बोलेरो खोजने को कहा

हल्द्वानी। शहर में बढ़ रहे नशे के कारोबार और चोरियों के खुलासे न होने से खफा पूर्व विधायक नारायण पाल रविवार को कोतवाली पहुंचे। वहां सीओ लोकजीत सिंह और कोतवाल उत्तम सिंह से जिमीवाल से मुलाकात की। पूर्व विधायक ने उनकी बोलेरो चोरी होेने के मामले में हुई कार्रवाई से एक बार भी उन्हें सूचित न करने पर नाराजगी जताई।
शहर के गांधी नगर सहित तमाम पिछले इलाकों में युवाओं को नशे के कारोबार और लत में धकेले जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग सीओ से की। साथ ही अंबिका विहार सहित कई इलाकों में लगातार हो रही चोरियों पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इस तरह चोरियां होना चिंताजनक है। पूर्व विधायक ने इशारों में कहा कि अगर चोरियाें का खुलासा जल्द नहीं किया गया तो पुलिस के खिलाफ सड़कों पर आने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। सीओ ने जल्द ही उनकी बोलेरो सहित तमाम चोरियों के खुलासे का आश्वासन दिया।

Related posts