
चंबा (टिहरी)। हेंवलघाटी क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को भगा ले जाने के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर लोगों ने चंबा-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। हेंवलघाटी के एक गांव की एक लड़की 12 अगस्त से लापता है। परिजनों ने थाना चंबा में मामले की रिपोर्ट दर्ज करायी। कॉल डिटेल आदि के आधार पर इस मामले में उत्तरकाशी के एक युवक की भूमिका बताई जा रही है। रविवार को महिला समाख्या और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संगठन सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस पर मामले पर कोताही बरतने का आरोप लगाते हुए चंबा-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी अभियुक्त को पकड़ने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में थाना चंबा में काफी देर तक चली बैठक में पुलिस ने शीघ्र आश्वासन दिया कि इस मामले में कार्रवाई क जाएगी, इसके बाद लोगो ने जाम खोला। प्रदर्शनकारियों में पूरण सिंह चौहान, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह नेगी, धूम सिंह नेगी, विजय जड़धारी, अरण्य रंजन, कांता देवी, शांति देवी, सुशील बहुगुणा, दीवान सिंह कुंवर, संजय मैठाणी, उमेद पंवार आदि शामिल थे।
