
पंतनगर। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि आपदा के मामले में विपक्ष को ओछी राजनीति न कर सरकार का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंतनगर विवि को नियमित कुलपति दीपावली से पूर्व मिल जाएगा। मुख्यमंत्री दिल्ली से जैती जाते समय पंतनगर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपदा के अंतर्गत 109 करोड़ रुपये की राहत राशि 90 फीसदी लोगों में वितरित कर दी गई है। विदेशी मूल के 91 नेपाली नागरिकों की बादल फटने से मौत हुई थी। उनके परिजनों को तीन तीन लाख रुपये दिए जाने की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि खुरपिया फार्म की जमीन पर सरकार ने सिडकुल बनाने का अंतिम निर्णय नहीं लिया है। इसलिए इस मामले में विपक्ष को जनता को भ्रमित नहीं करना चाहिए। खुरपिया फार्म की जमीन के मामले में जन आकांक्षाओं के अनुरूप ही निर्णय लिया जाएगा। इससे पूर्व पंतनगर विवि शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर पंतनगर विवि के शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों की तरह 60 साल करने और रिटायर हुए शिक्षकों को सत्र लाभ देने की मांग की। जिले के उत्तराखंड आंदोलनकारियों को पहचान पत्र देने की मांग भी की गई। ज्ञापन देने वालों में डा. पीएन सिंह, डा. रामजी मौर्या, डा. आरपी सिंह, डा. विजयपाल सिंह यादव, डा. रोहिताश्व सिंह, डा. एसके त्यागी, एनएस बिष्ट, खड़क सिंह टाकुली, रवि कुशवाहा, कन्हैया लाल, नेत्र सिंह देउपा, जगदीश शर्मा, एएस असगोला आदि थे। सीएम के साथ सांसद प्रदीप टमटा, महेंद्र सिंह माहरा, नारायण पाल आदि भी थे।
