साहब! कहां गए हमारे सांसद बाबा!

सितारगंज। साहब! हमारे नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद केसी सिंह बाबा कहां हैं? पिछले लंबे समय से बाबा क्षेत्र में दिखाई नहीं पड़ रहे, जिससे क्षेत्रवासी बाबा के लापता होने से चिंतित हैं और विकास भी ठप है। ये कहना था, भाजपा के कार्यकर्ताओं का। उन्होंने कोतवाली में बाबा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह धोनी को गुमशुदगी की रिपोर्ट सौंप कार्रवाई की मांग की।
रविवार को भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आदेश ठाकुर के नेतृत्व में भाजपाइयों ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक धोनी को गुमशुदगी की रिपोर्ट सौंपी। जिसमें भाजपाइयों ने कहा कि सांसद बाबा के क्षेत्र से लापता होने के कारण विकास कार्य ठप हैं। पिछले लंबे समय से बाबा सितारगंज क्षेत्र के भ्रमण पर नहीं आए। जिससे क्षेत्र में एक धेला भी विकास नहीं हुआ। सड़कें जर्जर हैं। 8 सौ परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, लेकिन सांसद बाबा ने क्षेत्र की सुध तक नहीं ली। इस मौके पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आदेश ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता कमल जिंदल, मनोज राणा, इंद्रजीत सिंह, आदेश चौहान, रंजीत सिंह, जोध सिंह, जसप्रीत सिंह, पूरन सिंह चौहान, चंदन सिंह कश्यप, शिव कुमार आदि थे।

Related posts