बार एसोसिएशन अध्यक्ष पद पर सीधी टक्कर

मंडी। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान और उपप्रधान पद के लिए सोमवार को मतदान होगा, जबकि सहसचिव और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए एक-एक प्रत्याशी के चुनाव से हट जाने पर सहसचिव पद पर विक्रांत शर्मा और कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विजय भंडारी, डिकन राणा और गीतांजलि शर्मा को निर्विरोध चुना गया है। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव संयोजक रवि सिंह राणा ने बताया कि सोमवार को सुबह 11 से 4 बजे तक बार रूम में प्रधान और उप प्रधान पद के लिए मतदान होगा। प्रधान पद पर भारत भूषण और एसपी परमार के बीच सीधी टक्कर होगी, जबकि उपप्रधान पद पर दिनेश सकलानी और अलकनंदा हांडा के बीच मुकाबला होगा। इधर, सह सचिव पद के प्रत्याशी प्रशांत शर्मा और कार्यकारिणी सदस्य के प्रत्याशी दिनेश कुमार शर्मा चुनाव मैदान से हट गए हैं। उन्होंने इस आशय में चुनाव संयोजक के पास आवेदन किया। जिसे स्वीकारते हुए उन्हें चुनाव से हटने की अनुमति मिल गई है। ऐसे में सह सचिव पद पर विक्रांत शर्मा और कार्यकारिणी सदस्यों के तौर पर विजय भंडारी, डिकन राणा और गीतांजलि शर्मा को निर्विरोध चुन लिया गया है। अब सिर्फ प्रधान और उपप्रधान पदों के लिए ही सोमवार को मतदान होगा। मतदान की प्रक्रिया और मतगणना पूरी होने के बाद सोमवार को ही परिणाम घोषित कर जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

Related posts