छह डिस्पेंसरियों के पास छत्त नहीं

तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा में छह पशु डिस्पेंसरियों को अपने भवन नसीब नहीं हो पाए हैं। ये पशु डिस्पेंसरियां लगभग पांच साल से किराए के भवन में चल रही है। जानकारी के मुताबिक टेपा, तरेला, गनेड देहरा, भराड़ा और कल्हेल पशु डिस्पेंसरियों को आज तक अपने भवन नहीं मिले हैं। ये डिस्पेंसरियां एक-एक कमरे में चल रही हैं। इस कारण सैकड़ों पशु पालकों को उचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ग्राम पंचायत टेपा के प्रधान ध्यान सिंह, कल्हेल की प्रधान सारो देवी, कर्म चंद, टेक सिंह, रीझू राम, चैन सिंह, दीप राज, पान चंद, चूनी लाल, किशोरी लाल और देवी सिंह ने बताया कि पशु डिस्पेंसरियों के भवन न होने के कारण उन्हें पशुओं के उपचार की उचित सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने पशु पालन विभाग व प्रदेश सरकार से मांग की है कि इन पशु डिस्पेंसरियों के लिए भवन का निर्माण किया जाए। उधर, पशुपालन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. अजय ने बताया कि गनेड पशु अस्पताल का काम चला हुआ है। अन्य पशु डिस्पेंसरियों के भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई है। जैसे ही जमीन मिल जाती है तो पशु डिस्पेंसरियों के भवन का निर्माण कर दिया जाएगा।

Related posts