चंबा में आज नहीं रूकेगी‌ निजी बसें

चंबा। जिला चंबा में निजी बस आपरेटर यूनियन सोमवार को हड़ताल नहीं करेगी। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। निजी बस आपरेटर यूनियन के प्रधान रवि महाजन ने बताया कि इन दिनों मणिमहेश यात्रा होने के कारण उन्होंने हड़ताल न करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने भी निजी बस आपरेटर यूनियन से मणिमहेश यात्रा को मद्देनजर रखते हुए हड़ताल न करने का आह्वान किया है। इसके चलते यूनियन ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी रणनीति दो सितंबर के बाद तय की जाएगी। इससे पहले प्रशासन ने एक बैठक का आयोजन किया था और उसमें उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि सोमवार को निजी बस आपरेटरों की हड़ताल होने पर जिला प्रशासन निगम की अतिरिक्त बसें चलाएगा। इसके लिए परिवहन निगम को निर्देश भी जारी कर दिए गए थे। निजी बस आपरेटरों की हड़ताल को मद्देनजर रखते हुए उपायुक्त ने परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को सोमवार को महत्वपूर्ण रूटों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने को भी कहा था। मणिमहेश यात्रा को देखते हुए विशेषकर चंबा-भरमौर मार्ग पर अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन अब हड़ताल स्थगित होने से ऐसा नहीं होगा।

Related posts