7 साल में लटकी 7 किमी सड़क

तेलका (चंबा)। झोड़ा-गरझींडू सड़क मार्ग का कार्य विभागीय सुस्ती के चलते सात वर्षों के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। वर्ष 2006 में बाड़का और भजोत्रा पंचायत को सड़क सुविधा मुहैया करवाने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। अभी तक निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। इससे पंचायत की हजारों आबादी को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सात किलोमीटर दूरी वाले इस मार्ग का कार्य पूर्ण न होने से स्थानीय ग्रामीणों में सरकार और लोक निर्माण विभाग के प्रति खासा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी चुनावों का समय आता है तो सड़क की मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाता है और छोटे वाहनों के चलाने योग्य बना दिया जाता है और उसके बाद मार्ग की कोई सुध नहीं लेता। बारिश के उपरांत मार्ग पर भारी भूस्खलन से आवाजाही पूरी तरह ठप हो जाती है। मार्ग पर कई मोड़ काफी तंग हैं और सड़क का कार्य पूरी तरह पूर्ण नहीं हुआ है। सड़क बनने से विरोला, मटूण, चिहोट, कूटा, खरेड़, गरझींडू, सगोटी, खडकोटा, मोहण, दिभाला, पंजोगा, खलोह गांवों को काफी फायदा होगा। वर्तमान में इन गांवों के लोगों को बिना सड़क के काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। गांवों से बीमार लोगों को पालकी में उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। इससे आधे मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। ग्राम पंचायत बाड़का की प्रधान अंग्रेजो देवी, उप प्रधान जोगिंद्र शर्मा, ग्राम पंचायत भजोत्रा की प्रधान गुड्डी देवी, उप प्रधान पृथी सिंह ने बताया कि सरकार व विभाग से वे सड़क मार्ग का कार्य पूर्ण करने की मांग कर चुके हैं। अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों जीतू राम, जगदीश कुमार, कमलेश कुमार, हंस राज, भिंद्रो, चैन लाल, मोहन लाल, अशोक कुमार, बंशी लाल, सूरज कुमार, छमको देवी पानो देवी, नंद लाल, दरसो राम, रविंद्र, सरदार मोहम्मद, दीपू का कहना है कि सड़क सुविधा न होने के चलते रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं को पीठ पर उठा कर घरों तक ले जाना पड़ता है। उन्होंने विभाग से जल्द सड़क का कार्य पूरा करने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग एसडीओ भलेई सुभाष कौंडल का कहना है कि वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र न मिलने के कारण इस सड़क का निर्माण का कार्य लटका हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने के बारे में केस चंड़ीगढ़ भेजा है। विभागीय मंजूरी मिलते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts