
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला की मौत हो जाने पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ खूब हंगामा किया। परिजनों का तर्क है कि महिला की मौत डाक्टरों की लापरवाही के कारण हुई है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है।
मृतका कंचन शर्मा निवासी सुरानी की है। कंचन शर्मा के पति मेला राम ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी कंचन शर्मा 23 अगस्त को अस्पताल में दाखिल हुई थी। उन्होंने कहा कि वह टायफाइड से ग्रस्त थी। चिकित्सक ने 24 अगस्त को उसको अस्पताल से छुट्टी दे दी। रविवार दोपहर को कंचन की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। एएसआई शिव प्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
