
जवाली (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग के जंबाला रेलवे स्टेशन पर एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रविवार दोपहर करीब 12:10 पर महिला पठानकोट से जोगिंद्रनगर की तरफ जाने वाली ट्रेन से टकरा गई। इससे उसकी टांग कट गई व सिर पर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतका की कोई पहचान नहीं हो पाई है।
कांगड़ा पुलिस के इंस्पेक्टर शफीक मोहम्मद ने बताया कि केस दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की उम्र करीब 60-65 वर्ष लग रही है। उसने हरे रंग की कमीज-सलवार व दुपट्टा पहन रखा है। महिला के पास से दो ऐनकें मिली हैं। महिला ने एक कैरी बैग भी लिया हुआ था, जिसमें उसके दो सूट मिले हैं। शव को 72 घंटे तक शवगृह नूरपुर में रखा जाएगा और इस दौरान शनाख्त नहीं हुई तो उसका दाह संस्कार कर दिया जाएगा।
