
हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा पहले से ही चलती आ रही है। इसका समाधान उतर प्रदेश सरकार को संतों के साथ बैठकर निकालना चाहिए। यदि इस मामले में संत और विहिप को भाजपा की जरूरत होगी तो वह उनका साथ देंगे।
शनिवार को हरिद्वार डामकोठी में प्रेसवार्ता में डा. निशंक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को 84 कोसी परिक्रमा पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। हालांकि उन्होंने यूपी शहरी मंत्री आजम खां के श्री दक्षिण काली पीठाधीश्वर मंदिर आने के सवाल का जवाब नहीं दिया। लेकिन, राज्य में आई आपदा पर प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। कहा, प्रदेश में आपदा विधायकों पर आई है। सरकार विधायकों का प्रबंधन करने में जुटी हुई है। यदि प्रदेश सरकार में इच्छाशक्ति होती तो बीईजी लगाकर दो महीने में आपदा से टूटे रास्ते और पुलों का निर्माण करा सकती थी। लेकिन, यह कुछ भी नहीं करा पा रही है। उन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना को नाटक करार देते हुए कहा कि वह अटल खाद्य योजना की आधी अधूरी नकल है। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा में मचे घमासान को घर की बात बताया। मौके पर मंडल अध्यक्ष विकास तिवारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह, मंडल महामंत्री प्रदीप कालरा, अनिल अरोड़ा आदि शामिल हुए।
