रैगिंग ली तो सीधे दर्ज होगी एफआईआर

रुड़की। रैगिंग का मामला सामने आने के बाद केएल पालीटेक्निक ने चौकसी बढ़ा दी है। संस्थान ने शनिवार को एंटी पेट्रोलिंग टीम का गठन किया है। टीम रात और दिन के समय हॉस्टल का निरीक्षण करेगी। यदि कोई छात्र रैगिंग लेता हुआ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही संस्थान से उसे निकाल दिया जाएगा।
केएल पालीटेक्निक के प्रधानाचार्य संजय जैन ने बताया कि रैगिंग किए जाने की छात्र की शिकायत की जांच की जा रही है। वह स्वयं हॉस्टल गए थे। तीन-चार घंटे तक वह टीम के साथ हॉस्टल में रहे। उन्होंने छात्रों से अलग-अलग बातचीत की। नए छात्रों से रैगिंग होने की बात पूछी गई, लेकिन छात्रों ने इस बात पुष्टि नहीं की है। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि यदि उनके साथ कोई भी सीनियर छात्र रैगिंग करता है तो वह सीधे इस बात की शिकायत उनसे करें। शिकायत करने वाले छात्र का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। साथ ही जो छात्र रैगिंग करता पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उसे संस्थान से भी निकाल दिया जाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि एक एंटी पेट्रोलिंग टीम भी बनाई गई है, जो हॉस्टल आदि में जाकर इस बात की जांच करेगी कि कोई छात्र रैगिंग तो नहीं कर रहा है। हॉस्टल वार्डन आदि को भी इस बाबत कड़े निर्देश दिए गए हैं। छात्र की जो शिकायत आई थी उस पर जांच चल रही है।

Related posts