मेडिकल में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि

कोटद्वार। बीरोंखाल ब्लाक में साढ़े तीन वर्ष की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की मेडिकल में पुष्टि हो गई है। पीड़ित बच्ची का राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। राजस्व पुलिस ने पोक्सो के तहत मामला दर्ज किया है। दुष्कर्म का आरोपी फरार है।
बीरोंखाल प्रखंड में 22 अगस्त को साढ़े तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था। पीड़ित बच्ची की हालत नाजुक होते देख परिजन उसे शुक्रवार को यहां संयुक्त चिकित्सालय लाए। बच्ची की स्थिति में अब सुधार है। राजस्व उपनिरीक्षक योगंबर सजवाण ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म करने और चोटें आने की पुष्टि हुई है। आरोपी पर पोक्सो के तहत 7/8 और आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डरी सहमी है बच्ची
दुष्कर्म पीड़ित साढ़े तीन साल की बच्ची काफी डरी सहमी है। अस्पताल में इलाज के दौरान वह अपनी मां से चिपक गई। डाक्टरों ने बच्ची को बेहोश कराकर उसका उपचार और मेडिकल कराया।

पोक्सो में दो महीने में तीसरा मामला
-पोक्सो (प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड अगेंस्ट सेक्सुअल आफेंस) के तहत दो महीने में यह तीसरा मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले रिखणीखाल के एक स्कूल में शिक्षक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। सात जुलाई को आरोपी शिक्षक पर पोक्सो का मामला दर्ज हुआ। उसी महीने 28 जुलाई को रिखणीखाल में ही एक युवक ने दो स्कूली छात्राओं के साथ छेड़खानी कर बदसलूकी की। उसको भी पोक्सो के तहत गिरफ्तार किया गया। अगस्त में यह तीसरा मामला आया है, जिसमें पोक्सो की धारा लगाई गई है।

लड़की से की छेड़खानी
कोटद्वार। ध्रुवपुर में एक लड़की के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। लड़की के साथ तड़ियाल चौक निवासी युवक ने छेड़खानी की। लड़की के मामा भगवान सिंह ने रमेश नेगी निवासी तडियाल चौक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हो पाया है।

Related posts