
पिथौरागढ़। शहर के आबादी वाले इलाकों को गड्ढों से जल्द ही निजात मिल सकेगी। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) यहां ऐंचोली से रई मोड़ तक हॉटमिक्स करेगी। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग में हुए अतिक्रमणों को चिह्नित किया गया। अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
उप जिलाधिकारी नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में चले इस अभियान में सिल्थाम से देव सिंह मैदान के पास वाली रोड तक के अतिक्रमण को चिह्नित किया गया। बताया गया कि 12 मीटर चौड़ी रोड में कई जगह फड़ सहित अस्थाई अतिक्रमण किया गया है। इन्हें एक सप्ताह के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर बीआरओ अतिक्रमण तोड़ेगी। और तोड़ने में आने वाले खर्च भी अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा।
इसके अलावा टेलीफोन, बिजली, पेयजल सहित अन्य विभागों के पोल और अन्य सरकारी निर्माण को भी हटाया जाएगा। सोलिंग के बाद अक्तूबर से हॉटमिक्स का काम शुरू हो जाएगा। चिह्नीकरण में बीआरओ के ओसी विकास भौमिया, सीओ राजीव मोहन, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता वीके मिश्रा, जल निगम के केसी जोशी, बीएसएनएल के एसडीई सीसी रजवार, पालिका के ईओ केएन जोशी, इंजीनियर कैलाश जोशी आदि मौजूद थे।
