
पिथौरागढ़। सभी थानों को कंप्यूटरीकृत करने की पहल तेज हो गई है। प्रोजेक्ट क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के माध्यम से जिले के सभी थाने एक ही नेटवर्क पर ऑन लाइन हो जाएंगे। डिजिटाईजेशन का काम 20 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
जिला स्तर पर गठित ई-मिशन टीम और बीएसएनएल के अधिकारियों की बैठक लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया आगामी समय में अपराधियों के बारे में जानकारी, अपराधो का पंजीकरण, विवेचना का कार्य इंटरनेट के जरिए होगा। बीएसएनएल के प्रतिनिधि एसडीओ विजय बिनवाल ने बताया कि सीसीटीएनएस नेटवर्क के लिए अस्कोट, थल और झूलाघाट थानो में नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध करा दी गई है। भविष्य में इन लाइनों को फाइवर नेटवर्क से उच्चीकृत कर दिया जाएगा। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव मोहन, बीपी तिवारी, अनिल शाह, गोविंद नाथ, अनीता आर्या आदि मौजूद थे।
