
धारचूला। पोनी पोटर्स यूनियन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर हवाई मार्ग से कैलास मानसरोवर यात्रा शुरू होने की दिशा में आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियन ने पहले की तरह पैदल मार्ग से ही यात्रा संचालित करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा आपदा से क्षतिग्रस्त हुए यात्रा मार्ग की कोई सुध नहीं लिए जाने पर नाराजगी जताई है।
भाकपा माले के जिला सचिव जगत मर्तोलिया की अगुवाई में तहसील कार्यालय पहुंचे लोगों ने कहा कि कुमाऊं मंडल विकास मंडल (केएमवीएन) हवाई मार्ग से यात्रा शुरू करवाने के लिए सरकार पर दबाव बना रहा है। अगर ऐसा होता है भविष्य में इसके गंभीर परिणाम देखने को मिलेंगे। इससे स्थानीय लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही हजारों लोग बेरोजगार भी हो जाएंगे। इस साल यात्रा शुरू नहीं होने की वजह से सीमा सड़क संगठन और तहसील प्रशासन मार्ग की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इसकी वजह से तवाघाट से गर्बाधार तक पैदल यात्रा करने वालों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। ज्ञापन भेजने वालों में उमेद नेगी, मंजू बड़ाल, दमयंती बड़ाल, भागा बिष्ट, कैलाश बुनियाल, सुनील आगरी आदि मौजूद थे।
