
भीमताल। ओखलकांडा ब्लाक के ल्वाड़ गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय काफी समय से दो महिला शिक्षा मित्रों के भरोसे चल रहा है। शिक्षकों की तैनाती न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी से भेंट की। कहा कि यदि शिक्षक नियुक्त नहीं हो सकते तो स्कूल को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता भवानी दत्त रुबाली के नेतृत्व में शिक्षा भवन पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा कि राउप्रावि ल्वाड़ में वर्ष 2010-11 में छात्र संख्या 113 थी जो अब घटकर 75 हो गई है। उन्होंने बताया कि 75 बच्चों में दो महिला शिक्षा मित्र तैनात हैं, जिससे पठन-पाठन पूरी तरह से ठप है। बच्चे दोपहर का भोजन करने के लिए ही स्कूल पहुंच रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की स्थायी व्यवस्था होने तक सीआरसी चकडोबा में तैनात शिक्षक जमन सिंह मटियाली या बेतालघाट में तैनात शिक्षक उत्तम सिंह गौनियां को विद्यालय में संबद्ध कराने की मांग की। इस दौरान प्रधान वैष्णवी देवी रुबाली, आनंद सिंह नदगली, भूपाल सिंह मटियाली, इंदर देव रुबाली, दुर्गादत्त रुबाली, गोपाल सिंह नदगली आदि थे।
