
चंबा (टिहरी)। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में छात्रों की समस्याएं कम होने के बजाए बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को एनएसयूआई के छात्र नेताओं ने स्थानीय छात्रों को पीजी कक्षाओं में वरीयता देने, बीए प्राइवेट का रिजल्ट अभी तक घोषित न होने और अंक तालिकाओं में हुई त्रुटियों का निराकरण न होने पर कुलपति का पुतला फूंका। उन्होंने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
शानिवार को एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के मुख्य गेट में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विवि के कुलपति का पुतला आग के हवाले किया। वक्ताओं ने कहा कि पीजी कक्षाओं में स्थानीय छात्रों को वरीयता नहीं दी जा रही है, जिससे उन्हें प्रवेश के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष की मार्कशीट न आने से छात्र परेशान हैं। बीए प्राइवेट के प्रथम और द्वितीय वर्ष का रिजल्ट घोषित न होने से भी छात्रों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मार्कशीट में गलतियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र नेताओं ने कहा कि समस्याओं के संबंध में कई बार विवि प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। पुतला फूंकने वालों में पवनेश कुमार, मोहित पुंडीर, गौरव तड़ियाल, सुरेंद्र प्रसाद, सुमन कुमार, दिनेश सेमवाल आदि शामिल थे।
