
गोपेश्वर। छात्रसंघ चुनाव के अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार का उपनाम के दुरुपयोग किए जाने से गुस्साया छात्र कालेज की छत पर चढ़ गया, जिससे कालेज प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि बाद में प्राचार्य ने सभी उम्मीदवारों का नाम के आगे से उपनाम हटाए जाने का आश्वासन दिया, जिस पर वह नीचे उतरा।
पीजी कॉलेज में शनिवार को छात्र संघ चुनाव के तहत प्रत्याशियों की सूची जारी होने के पश्चात अध्यक्ष पद का प्रत्याशी सुबोध सकलानी महाविद्यालय की छत पर चढ़ गया, जिससे महाविद्यालय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। उक्त प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद के ही दूसरे प्रत्याशी पर उसके उपनाम के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उक्त प्रत्याशी ने छात्र संघ प्रभारी से अध्यक्ष पद के दावेदारों के उपनामों को उजागर नहीं करने की मांग उठाई, जिस पर प्राचार्य डा. डीसी नैनवाल ने किसी भी प्रत्याशी के नाम के पीछे उपनाम नहीं जोड़ने का आश्वासन दिया, जिस पर छात्र छत से नीचे उतर गया। इस दौरान सूचना मिलते ही महाविद्यालय परिसर में पुलिस भी पहुंच गई थी।
