संदिग्ध हालात में महिला की मौत

रुद्रपुर। संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। महिला की लाश खिड़की की ग्रिल से लटकी मिली। बताया जाता है कि उसके मुंह से खून निकला हुआ था। मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पीलीभीत निवासी सचिन राय आदर्श इंदिरा बंगाली कालोनी में किराए पर परिवार सहित रहता है। सचिन का कहना है कि शनिवार सुबह वह उठा तो उसकी पत्नी पूर्णिमा (30) ने खिड़की की ग्रिल से फंदा लगा रखा था। इसका पता चलते ही आसपास के लोग भी पहुंच गए। सूचना पर कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल, महिला एसआई मैरी पीटर, एसआई मनोज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि महिला की लाश ग्रिल से लटकी थी। उसके मुंह से खून और नाक से झाग निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की बहन शारदा कालोनी निवासी माहेश्वरी ने पूर्णिमा के ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। उसका कहना था कि सचिन अक्सर पूर्णिमा से मारपीट करता था। कोतवाल थपलियाल ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की या उसकी हत्या हुई है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम का इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts