
अल्मोड़ा। नगर के थाना बाजार स्थित एक घर में शनिवार प्रात: 10 बजे तेंदुआ घुस आया। दिन दहाड़े तेंदुए के घर में आने से हड़कंप मच गया। तेंदुआ घुसने की खबर मिलने के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। करीब ढाई घंटे बाद वन कर्मियों ने घर के बाथरूम में छिपे तेंदुए को ट्रेंकुलाइजर गन से बेहोश किया। इसके बाद पिंजरे में डाल कर रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया गया।
शनिवार सुबह दस बजे थाना बाजार निवासी जगदीश पांडे के घर के पीछे की तरफ कुत्ते, बंदर जोर-जोर से आवाज करने लगे। आवाज सुनकर श्री पांडे और उनके पड़ोसी बाहर निकल आए। इसी बीच खेत से निकलकर तेंदुआ जगदीश पांडेे के घर के भीतर बाथरूम में घुस गया। तेंदुआ आने की खबर मिलने पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। शोर सुनकर तेंदुआ वहीं दुबक गया। इस बीच वहां सैकड़ों लोग जमा हो गए। बाद में कोतवाल पीएल वर्मा पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे।
बाद में वनकर्मी ट्रेंकुलाइजर गन, रस्सी का जाल और पिंजरा लेकर मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने ट्रेंकुलाइजर गन से तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन दागा। करीब 12:30 बजे वन कर्मियों ने बेहोश तेंदुए को पिंजरे में कैद किया। इसके बाद उसे एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया। वन विभाग की टीम में रेंजर प्रमोद चंद्र तिवारी, केएन पांडे, नीतेश तिवारी, मदन मोहन पांडे आदि शामिल थे। वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद चंद्र तिवारी ने बताया कि पकड़े गए मादा तेंदुए की उम्र करीब दो वर्ष है। रेस्क्यू सेंटर में उसका उपचार चल रहा है। स्वस्थ होने पर तेंदुए को जंगल में छोड़ दिया जाएगा। उनका मानना है कि तेंदुआ रात में कुत्ते के शिकार के इरादे से आबादी क्षेत्र में आया हो और उजाला होने के बाद वह भटककर खेत में दुबक गया होगा।
