
ब्रह्मपुखर (बिलासपुर)। शिमला से कार चुराकर भाग रहे दो लोगों को बिलासपुर पुलिस ने शनिवार को नम्होल के पास कार समेत धर दबोचा। कार के साथ ही दोनों आरोपियों को नम्होल चौकी लाया गया। सूचना के आधार पर कार तथा आरोपियों को कब्जे में लेने के लिए शाम के समय शिमला पुलिस भी नम्होल पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार शिमला के लक्कड़ बाजार से एक आल्टो कार एचपी-01ए-0763 चोरी हुई थी। कार चोरी का यह मामला शनिवार को ही शिमला के सदर थाना में आईपीसी की धारा 379 के तहत दर्ज किया गया। कार चोरी की इस वारदात की सूचना शिमला पुलिस ने बिलासपुर समेत आसपास के अन्य जिलों में भी भेजी। इस सूचना के आधार पर तत्काल हरकत में आई बिलासपुर पुलिस ने कई टीमों का गठन करते हुए विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी भी कर दी।
पुलिस अधीक्षक कपिल शर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब पौने बारह बजे नम्होल के साथ लगते राजघाटी नामक स्थान पर नाकाबंदी के दौरान शिमला से चुराई गई उक्त गाड़ी को पकड़ लिया गया। गाड़ी को सुशील नामक व्यक्ति चला रहा था। उसके साथ अंकित भी गाड़ी में सवार था। गाड़ी को कब्जे में लेने के साथ ही पुलिस कार में सवार दोनों लोगों को भी नम्होल चौकी ले आई। शिमला पुलिस को चोरीशुदा कार की जानकारी देने के साथ ही गाड़ी के पंजीकरण प्रमाण पत्र के आधार पर उसके मालिक को भी सूचित कर दिया गया है।
