
रक्कड़ (कांगड़ा)। गांव कलोहा में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में चोरों ने सेंध लगा दी है। बीती रात शातिरों ने बैंक भवन के भीतर घुसकर दो सीपीयू, दो मानीटर और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। जबकि चोर बैंक में रखी नकदी चुराने में नाकाम रहे हैं। चोरों ने बैंक के एटीएम को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। लेकिन वहां पर पैसे नहीं निकलने पर चोरों ने बैंक में रखे स्ट्रांग रूम को भी तोड़ने की नाकाम कोशिश की।
शातिर चोर बड़ी चोरी करने में नाकाम रहने पर सुबूत मिटाने के लिए बैंक मैनेजर के केबिन के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के लिए स्थापित डिवाइस अपने साथ ले गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी रक्कड़ के प्रभारी कर्ण सिंह परमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं बैंक मैनेजर हेमराज ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को सुबह जब वह बैंक पहुंचे तो मेन गेट पर लगे सभी ताले टूटे हुए थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में बैंक के अंदर देखा तो कुछ सामान गायब था और बैंक के कागजात बिखरे पड़े थे। इसके अलावा बैंक के अंदर तोड़फोड़ भी की गई थी। एक हफ्ते पहले भी चोरों ने इसी बैंक के ताले तोड़ने की कोशिश की थी।
