
धर्मशाला। आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों ने मटौर में हार्डवेयर की एक दुकान में छापामारी की। अधिकारियों के मुताबिक इसमें सामान के बिलों में भारी खामियां पाई गईं। इसके चलते विभाग के अधिकारियों से सारा रिकार्ड अपने कब्जे में ले लिया है।
हाल ही में विभाग के अधिकारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट के मामले में पकड़ी गई जीप में लोड सामान भी इसी दुकान से लिया गया था। इसका कोई पक्का बिल नहीं दिया गया था। इसी के चलते विभाग ने उक्त दुकान में स्वयं छापामारी कर रिकार्ड जब्त कर लिया है। जबकि बाकी छानबीन जारी है। जानकारी के अनुसार बिलों के लेन-देन में भारी खामियां हैं। इनकी उक्त व्यापारी को भारी पेनल्टी डाली जाएगी। वहीं व्यापारी द्वारा बिलों को आनलाइन भी अपडेट नहीं किया गया था। जबकि नियमानुसार स्टील, लोहा व प्लाईवुड के बिलों को तत्काल आनलाइन अपडेट करना होता है। बावजूद इसके उक्त व्यापारी ने सभी औपचारिकताओं में कोताही बरती। जानकारी के अनुसार बिल न बनाने की सूरत में विभाग द्वारा उक्त सामान के कुल मूल्य का 25 प्रतिशत जुर्माना वसूल किया जाता है। ऐसे में एक्साइज विभाग उक्त व्यापारी पर भारी भरकम जुर्माना डाल सकता है। हालांकि विभागीय अधिकारी सारे रिकार्ड की गहनता से छानबीन में जुटे हैं।
वहीं कराधान विभाग के सहायक आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि मटौर में हार्डवेेयर की दुकान में छापामारी की गई। इसमें बेचे व खरीदे गए सामान में काफी अनियमितताएं पाई गईं हैं। सामान से संबंधित सारा रिकार्ड कब्जे में लेे लिया गया है। उन्होंने कहा कि गत दिवस अधिकारियों ने जो सरिये से भरी जीप पकड़ी थी, वह सरिया भी इसी दुकान से खरीदा गया था। इसका बिल नहीं बनाया गया था।
