
ऊना। जिले में कुल 90 हजार 684 गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से 50 हजार 237 गैस उपभोक्ता विभिन्न गैस एजेंसियों की ओर से आधार से जोड़े जा चुके हैं, जो कि जिले के कुल उपभोक्ताओं का 55.4 प्रतिशत है।
यह जानकारी उपायुक्त ऊना अभिषेक जैन ने शनिवार को सीधा लाभ अंतरण योजना के अंतर्गत चार माह में आधार से जोड़े गए गैस उपभोक्ताओं के बारे में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि जिले में पिछले चार माह में उपभोक्ताओं को आधार से जोड़ने का प्राप्त लक्ष्य निर्धारित लक्ष्य की तुलना में काफी कम है। उन्होंने जिले के बैंकों और गैस एजेंसी मालिकों का आगामी 31 अगस्त तक इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मैहतपुर, पंजावर तथा संतोषगढ़ गैस एजेंसियों के कार्यक्षेत्र में आधार से जुड़े उपभोक्ताओं की संख्या कम होने के कारण इन क्षेत्रों में विशेष प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
जैन ने गैस एजेंसी मालिकों को निर्देश दिए कि बिना आधार से जुड़े गैस उपभोक्ता को गैस की सप्लाई तब तक न करें, जब तक कि वे अपने बैंक खाते तथा आधार कार्ड की प्रतिलिपि उनके पास जमा न करवाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्तओं को 31 अगस्त के बाद गैस सिलेंडर बिना अनुदान के मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सीधी लाभ अंतरण योजना के अंतर्गत कोई भी उपभोक्ता किसी भी बैंक में शून्य बैलेंस पर अपना खाता खोल सकते हैं। बैठक में सीधा लाभ अंतरण योजना के अंतर्गत बैंकों तथा गैस एजेंसियों को आ रही दिक्कतों के बारे में भी चर्चा
की गई।
इस अवसर पर लीड बैंक के चीफ मैनेजर बीएस सैणी, डीपीओ जेके कथायत, डीएफएससी डीआर वर्मा सहित जिले के विभिन्न बैंकों के जिला संयोजक एवं सभी गैस एजेंसियों के मालिक उपस्थित थे।
