केदारनाथ में नदी पर बनाया नया झूला पुल

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में नदी पार करते हुए जिस पुल से एसडीएम अजय अरोड़ा बहे थे, उसे हटा दिया गया है। लोनिवि ने इस स्थान पर अब नए झूला पुल का निर्माण किया है, ताकि आसानी से आवाजाही हो सके।
16/17 जून की जलप्रलय में मंदाकिनी नदी का रुख बदल गया था। मंदाकिनी सरस्वती नदी के साथ केदारनाथ मंदिर के दांयी ओर बह रही है, जिसके चलते नदी पार करने के लिए बिजली के पोल रखकर अस्थायी पुलिया बनाई गई थी। इसमें रस्सों के सहारे एक बार में एक ही आदमी पुलिया पार कर रहा था। 22 जुलाई को सीएम विजय बहुगुणा ने केदारनाथ भ्रमण के दौरान इस पुलिया को बदलने के निर्देेश दिए थे। अब लोनिवि के अधीक्षण अभियंता केके श्रीवास्तव ने बताया कि मंदाकिनी-सरस्वती नदी पर 16 मीटर लंबे और चार फीट चौडे़ झूला पुल का निर्माण पुलिया की जगह किया गया है। इस पुल से खच्चरों से सामग्री ले जाई जा सकती है, जबकि एक बार में 12-14 आदमी पुल पर आवाजाही कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी स्थान के समीप वैली ब्रिज का निर्माण किया जाना है, जिस पर काम चल रहा है।

Related posts