लेटलतीफ विभागों पर बिफरे जिलाधिकारी

बागेश्वर। जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल ने कलक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने जिला योजना और अन्य योजनाआें की समीक्षा करते हुए समय पर कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी कार्यों में लेटलतीफी कर रहे विभागों के अधिकारियों पर बिफर पड़े।
बैठक में जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष के लिए आवंटित धनराशि और व्यय की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने धीमी प्रगति के चलते कई विभागों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कार्य योजना तैयार कर अगस्त तक व्यय सुनिश्चित कर लिया जाए। जिन विभागों को अभी तक व्यय के लिए धन अवमुक्त नहीं हुआ है वह विभागाध्यक्षों से संपर्क करें। बैठक में पुष्टाहार और मिड-डे-मील के राशन की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मिड-डे-मील का राशन प्राप्त करने की समय सीमा निर्धारित कर ली जाए और उन्हें भी इसकी सूचना दी जाए। 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व से ही ए श्रेणी में रहे विभाग अपना प्रदर्शन बरकरार रखें। जो विभाग पीछे छूट गए हैं वह ए श्रेणी में आने का प्रयास करें। उन्होंने टास्क फोर्स के दायित्वों पर भी चर्चा की। सत्यापन की धीमी प्रगति पर रोस्टर के अनुसार सत्यापन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित और बाह्य सहायतित योजनाआें की समीक्षा की। बैठक में सीडीओ रोशन लाल, डीएफओ डीएस मीणा, सीएमओ डा. चंद्रा पंत, डीडीओ केएन तिवारी, पीडी हिमांशु जोशी, समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, कृषि अधिकारी डीएस राणा आदि मौजूद थे।

Related posts