
नैनबाग(टिहरी)। छोटे वाहन चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। जिससे आएदिन हर स्टेशन पर झगड़े की नौबत आ रही है। देहरादून से नौगांव तक आने वाले यात्रियों से बड़कोट तक का दोगुना किराया वसूला जा रहा है। जिससे इस मार्ग पर चलने वाले लोग परेशान हैं। उन्होंने सहायक संभागीय अधिकारी से अधिक किराया वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।
नौगांव-बड़कोट टैक्सी यूनियन यात्रियों से खुलेआम दोगुना किराया वसूल रहे हैं। जिससे नैनबाग, खरसोन, सुमनक्यारी, मरोड़, नौगांव, देहरादून से आने वाले यात्रियों की चालकों के साथ हर दिन झगड़े की स्थिति पैदा हो जाती है। देहरादून से वाया मसूरी होकर नैनबाग आने वाले यात्रियों से बड़कोट तक का किराया वसूला जा रहा है। बृहस्पतिवार को एक बैंक कर्मी से देहरादून से नैनबाग (80 किमी) तक का किराया 110 के बदले 220 रुपये मांगने पर काफी विवाद हुआ। स्थानीय लोगों के बीचबचाव से मामला शांत हुआ। चालकों की मनमानी पर क्षेत्र के लोगों में खासा रोष बना हुआ है। आए दिन होने वाले इस झगड़े से परेशान व्यापार संघ अध्यक्ष सरदार सिंह राणा, सिकंदर सिंह कैंतुरा, शांति रमोला, जगमोहन मलियाल, शेर सिंह भंडारी, सरदार सिंह रावत और जोत सिंह रावत ने ज्यादा किराया वसूलने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
