
बड़कोट। आपदा राहत वितरण में दोहरे मानक अपनाने का आरोप लगाते हुए खरादी के प्रभावितों ने जुलूस निकालकर तहसील पर प्रदर्शन किया। प्रभावितों ने तहसील परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया।
खरादी कस्बे के आपदा पीड़ित शुक्रवार को जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे। यहां सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर क्रमिक अनशन में बैठ गए। इस मौके पर हुई सभा में प्रभावितों का कहना था कि 16, 17 जून की बाढ़ से खरादी में भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से आपदा राहत वितरण में दोहरे मानक अपनाए जा रहे हैं। प्रशासन ने 13 प्रभावितों को ही राहत दी है जबकि 25 प्रभावितों को नहीं मिली है। प्रभावित राहत के लिए लगातार प्रशासन के चक्का काट रहे हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इस मौके पर प्रभावितों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर राहत नहीं देने तक आंदोलन रखने की चेतावनी दी है। क्रमिक अनशन पर मोहन सिंह, भगवान सिंह, नवीन सिंह, जोगी लाल, बसंत लाल, जबर सिंह, एलम सिंह बैठे है।
