तेंदुए ने घास काटने गई महिला को घायल किया

अल्मोड़ा। हवालबाग के ब्लाक के गधोली गांव में शुक्रवार सुबह तेंदुए ने घास काटने जंगल गई महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। महिला का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। बाद में उसे छुट्टी दे दी गई। तेंदुए के हमले के बाद गधोली और आसपास के गांवों में दहशत है।
गधोली गांव निवासी जया मेहरा (30) पत्नी आनंद सिंह अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब एक किमी दूर जंगल में घास काटने गई थी। जंगल में घात लगाए बैठे तेंदुए ने सुबह करीब 9:30 बजे जया मेहरा पर हमला बोल दिया। जया और साथी महिलाओं के चिल्लाने पर तेंदुआ भाग गया।
इसके बाद ग्रामीण घायल जया को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए। तेंदुए ने जया के पीठ, हाथ और छाती में पंजे मारे हैं। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जया को अस्पताल से छुट्टी दे दी है। वन विभाग केे फारेस्टर केएन पांडे ने अस्पताल जाकर महिला का हालचाल पूछा और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि गधोली गांव जाकर घायल जया को विभाग द्वारा अनुमन्य पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इधर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल ने तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Related posts