
नोएडा। अपाहिज और वृद्ध व्यक्तियों को भू और खनन माफिया धमकी दे रहे हैं कि वह हिंडन डूब क्षेत्र की जमीन को छोड़ दें। आरोप है कि पीड़ितों को गोलियों से भूनने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित अपनी जमीन बचाने के लिए जब संबंधित थाना पुलिस के पास गया तो उसकी नहीं सुनी गई।
नोएडा के आगाहपुर गांव निवासी भूलेराम और टेकराम ने एसएसपी को दी गई लिखित शिकायत में कहा है कि 1980 में उनके गांव की जमीन को नोएडा प्राधिकरण ने अधिग्रहीत किया था। उन्हें जो मुआवजा मिला था, उसी से उनके पिता रामचंद्र ने हिंडन डूब क्षेत्र सुथियाना (खाता संख्या-147) सेक्टर-142 के पास करीब 14 बीघा जमीन खरीदी थी। दस साल पहले पिता की मौत के बाद यह जमीन अब उनके नाम खतौनी में दर्ज है। डूब क्षेत्र में निर्माण न होने से उस पर खेती व सब्जी पैदा की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि 10-12 लोग हैं जो पहले अवैध खनन का काम करते थे, लेकिन प्रशासन की सख्ती के बाद ये लोग अब इलाके की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। धमकी दी जाती है कि जमीन खाली कर दो। पिछले दिनों इन दबंगों ने खेत में लगे पेड़ों को काट दिया और सब्जी व खेतों की फसल को नुकसान पहुंचाया। इन लोगों ने बीच खेत में सड़क बनानी शुरू कर दी है। जबकि सड़क का पुराना रास्ता दूसरा है। शिकायत के अनुसार दबंग कहते हैं कि उन्हें हर हाल में जमीन चाहिए।
आरोप है कि आए दिन खेत में आकर गालीगलौच करते हैं। बंदूक लेकर धमकी देने पहुंच जाते हैं। आरोपी जमीन पर कब्जा करके उस पर अवैध रूप से प्लॉट काटना चाहते हैं। ये लोग आसपास के ही बिल्डरों से भी मिले हुए हैं। शिकायत में कहा गया है कि ये बिल्डरों के इशारे पर जमीन पर कब्जा करने की फिराक में हैं। शिकायतकर्ता सेक्टर-49 और सूरजपुर थाने में पहुंचे तो पुलिस ने नहीं सुनी। हारकर पीड़ित ने दो दिन पहले एसएसपी कार्यालय में शिकायत रिसीव कराई है। जिसमें जानमाल का खतरा भी जताया है। एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह कार्यालय के मुताबिक संबंधित थानों को मामले की जांच करने के आदेश दे दिए गए हैं।
