चार युवकों ने की दोस्त की हत्या

नालागढ़ (सोलन)। ट्रक में बिठाकर महाराष्ट्र लेकर गए नालागढ़ के चार युवकों ने अपने उसी साथी को मौत के घाट उतार दिया। छानबीन में खुलासा होने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने नालागढ़ में पहुंचकर चार आरोपियों में से दो को धर दबोचने में कामयाबी हासिल की है। दो हत्या के आरोप में वांछित चल रहे हैं।
मामला बीते माह का बताया जा रहा है और महाराष्ट्र के गौंडा थाना में पुलिस ने पहले सीआरपीसी 174 के तहत कार्रवाई की थी, लेकिन परिजनों के जाने के बाद गौंडा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक हत्या आरोपियों का सगा संबंधी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार नालागढ़ से महाराष्ट्र के लिए ट्रक में चार लोगों में बलजीत सिंह व रणजीत सिंह (दोनों भाई), भतीजा कमलदीप सिंह उर्फ बग्गा तीनों निवासी रामपुर, डाकघर राजपुरा, तहसील नालागढ़ और गोगी निवासी आनंदपुर साहिब (पंजाब) जा रहे थे और इन्होंने सुखविंदर सिंह उर्फ सोमा निवासी गांव रामपुर, डाकघर राजपुरा, तहसील नालागढ़ को भी अपने साथ ले जाने के लिए बिठाया।
पुलिस के मुताबिक सुखविंदर ने अपनी माता को मोबाइल पर दो बार फोन भी किया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद सुखविंदर उर्फ सोमा का शव गौंडा थाना क्षेत्र के कुएं में मिला था। वहां की पुलिस ने 174 की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन मृतक के परिजनों की शिकायत पर धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद महाराष्ट्र की गौंडा पुलिस वीरवार देर शाम यहां पहुंची और अपने साथ बलजीत सिंह व कमलजीत सिंह उर्फ बग्गा को अपने साथ ले गई, जबकि रणजीत सिंह उर्फ भोला व गोगी इस मामले में वांछित चल रहे हैं। डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस नालागढ़ के रामपुर गांव के दो आरोपियों को अपने साथ ले गई है और वह सुखविंदर की हत्या में शामिल है, जबकि दो अभी फरार चल रहे हैं।

Related posts