हिंद मजदूर सभा के अध्यक्ष को कोर्ट ने जमानत पर छोड़ा

बद्दी (सोलन)। बद्द्ी पीएचसी में ताला लगाने वाले हिंद मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला राम चंदेल और उनके आधा दर्जन साथियों को शुक्रवार को कोर्ट से जमानत मिल गई है। पुलिस सरकारी कार्य में बाधा डालने, महिला चिकित्सक को धमकाने व सरकारी परिसर में जबरन घुसने के आरोप में मेला राम चंदेल व उनके साथियों पर धारा 353, 506, 451 व 34 के तहत मामला दर्ज किया था।
12 अगस्त 2013 को मेला राम चंदेल उनके साथ राजू भारद्वाज, गुरदास चंदेल, रविंद्र, गोपाल सिंह, लक्की व अनिल चंदेल ने भुड्ड स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी से स्टाफ बदलने का विरोध करते हुए बद्दी पीएचसी प्रभारी डा. अनिल और बीएमओ डा. हरमोहिंद्र सिंह के समक्ष फैक्टरी परिसर में नारेबाजी की तथा वहां पर ड्यूटी पर आई महिला चिकित्सक को ड्यूटी पर नहीं आने दिया। बाद में पीएचसी में ताला लटक गया जिसके चलते महिला चिकित्सक ने भुड्ड स्थित डिस्पेंसरी में ड्यूटी की। ताला किसने लगाया यह रहस्य बना हुआ है। पीएचटी स्टाफ का कहना है कि ताला मेला राम चंदेल ने लगाया और मेला राम चंदेल ने दावा किया कि महिला चिकित्सक के भुड्ड जाने के बाद ताला बद्दी स्टाफ कर्मियों ने ही लगाया। हालांकि 13 अगस्त को पुलिस ने ताला तोड़ कर पीएचसी को चालू कराया। इस दौरान करीब एक घंटे स्टाफ व रोगियों को बाहर खड़ा रहना पड़ा। मेला राम चंदेल ने सोलन कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी। शुक्रवार को कोर्ट में उसकी सुनवाई थी। अदालत ने मेला राम चंदेल व साथियों को जमानत पर छोड़ दिया। एसपी अरुल कुमार ने जमानत मिलने की पुष्टि की है।

Related posts