
ददाहू (सिरमौर)। एक तो देरी और उसके बाद भी उपभोक्ता के हिस्से में कटौती। जिला सिरमौर में चीनी वितरण का हाल कुछ ऐसा ही है। जून और जुलाई की चीनी प्रति यूनिट 100 ग्राम कम दी जा रही है। प्रति यूनिट जहां 700 ग्राम दी जानी थी, वहां 600 ग्राम प्रति यूनिट दी जा रही हहै।
राशन के सरकारी डिपुओं में भले ही दो माह बाद चीनी की आपूर्ति को बहाल किया गया। लेकिन सिरमौर जिले में ही इस कोटे को घटाकर कम कर दिया गया। उपभोक्ता विमल कुमार, नंद लाल, विजय कुमार, अरुण, दिनेश, सुखदर्शन, अर्चना पुंडीर ने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में चीनी 700 ग्राम के हिसाब से दी जा रही है। लेकिन सिरमौर जिले के उपभोक्तओं को चीनी की आपूर्ति के लिए ठगा जा रहा है। उधर, विभाग की डीएफएससी पुवित्रा पुंडीर ने इस बारे पुष्टि करते हुए बताया कि आगे से ही कोटा कम आने के कारण जून और जुलाई माह की चीनी 700 ग्राम की बजाए 600 ग्राम दी गई है। लेकिन अब कोटा प्रर्याप्त है। उपभोक्ताओं को चीनी 700 ग्राम प्रति व्यक्ति प्रदान की जाएगी।
