रिज पर लीपापोती कर पूरी की ड्यूटी

शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर पड़े गड्ढे को अगले दिन कंकरीट से भरकर नगर निगम ने ड्यूटी पूरी कर ली। तिब्बती मार्केट की ओर से वायर क्रेट लगाने की तैयारियां की गई हैं। रिज मैदान पर पड़ी दरारों को हमेशा की तरह सीमेंट लगाकर ढक दिया गया है। अंडरग्राउंड शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण कर रिज मैदान का संरक्षण करने का राग दोबारा से दोहराना भी नगर निगम ने शुरू कर दिया है।
कमजोर पड़ रहे डंगों को बचाने के लिए वायर क्रेट लगाने के प्राक्कलन तैयार करने में नगर निगम की भवन एवं मार्ग शाखा जुट गई है। रिज मैदान को धंसने से बचाने के लिए शॉर्ट और लांग टर्म नाम से दो योजनाएं तैयार की गई हैं। शॉर्ट टर्म में जहां वायर क्रेट लगाने की बात कही है, वहीं लांग टर्म में पदमदेव कांप्लेक्स से लेकर नगर निगम दफ्तर तक अंडरग्राउंड शॉपिंग कांप्लेक्स में साठ दुकानें बनाने की योजना है।
नगर निगम की भवन एवं मार्ग शाखा के अधिशासी अभियंता एचके गुप्ता ने बताया कि वायर क्रेट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। अस्थायी तौर पर मैदान पर पड़े गड्ढे को भी भरा जा रहा है।

काउंटर फोर्ट दीवार बनानी होगी
सेवानिवृत्त इंजीनियर सुभाष वर्मा का कहना है कि रिज मैदान को बचाने के लिए नगर निगम को समय रहते तिब्बती मार्केट से काउंटर फोर्ट दीवार जो कि आरसीसी से निर्मित हो, का निर्माण करना होगा। बारिश के पानी के डिस्पोजल और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करना होगा। रिसाव की समस्या को दूर करने के लिए आधुनिक तकनीक से ट्रीटमेंट देना होगा। दरारों और गड्ढों को कंक्रीट से भरकर काम लंबे समय तक नहीं चल सकता।

Related posts