
शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय से बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में फेल विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। दो बार अनुपूरक परीक्षाएं उत्तीर्ण न करने वाले छात्रों को तीसरा सुपर गोल्डन चांस मिला है। सितंबर-अक्तूबर 2013 में आयोजित की जाने वाली अनुपूरक परीक्षा के दौरान बीए, बीएससी और बीकॉम की सभी कक्षाओं के उन छात्रों को एक विशेष अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिनकी उपलब्ध दो अवसरों में यह परीक्षाएं उत्तीर्ण नहीं हो पाई हैं।
परीक्षा में बैठने के लिए छात्रों को 9 सितंबर तक फार्म जमा करवाने होंगे। साथ ही उन्हें 1000 रुपये अतिरिक्त फीस भी भरनी होगी। इसके अलावा 270 रुपये फीस भी देय होगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. नरेंद्र अवस्थी ने बताया कि इसके बाद विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार विलंब शुल्क लिया जाएगा। विवि प्रशासन के अनुसार बीए प्रथम वर्ष में 21 हजार से ज्यादा छात्र फेल हुए हैं। इसी तरह बीकॉम और बीएससी में करीब 10 हजार छात्र फेल हुए हैं। पहली बार प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दिए इस सुपर गोल्डन चांस से करीब 31 हजार छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। इन छात्रों को वही पेपर पास करने होंगे, जिनमेें वे फेल हुए हैं। इन सभी छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पहले दो चांस दिए गए हैं। विवि प्रशासन का तर्क है कि फेल हुए सभी छात्रों को नए सिस्टम से गुजरना न पड़े, इसलिए उन्हें पहली बार विवि के इतिहास में सुपर गोल्डन चांस दिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
