
सरकाघाट (मंडी)। राजकीय माध्यमिक स्कूल कलखर से मिड डे मील का सामान चोरी हो गया है। यहां चोरों ने घुप अंधेरे और एकांत का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिले में चोर अब स्कूलों में मिड डे मील के सामान निशाना बनाने लगे हैं। जिला में मिड डे मील के सामान पर हाथ साफ करने की यह लगातार तीसरी घटना है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने रामापा कलखर में वीरवार रात मिड डे मील के सामान पर हाथ साफ किया है। सुबह जब सेवादार स्कूल पहुंचा तो पाया कि किचन का ताला टूटा था। सेवादार ने इसकी सूचना मुख्याध्यापक राम नाथ को दी। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने जब रसोईघर में रखे सामान की जांच की तो तीनों गैस सिलेंडर चोरी थे। इसके अलावा चोर कुकर, ढोलक तथा मिड डे मील का अन्य सामान भी ले गए हैं। मिड डे मील का सामान चोरी होने से अब स्कूल में बच्चाें के लिए दोपहर का भोजन बनाने की समस्या खड़ी हो गई है। स्कूल के मुख्य अध्यापक ने घटना की पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। इधर, मामले की पुष्टि डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
