
झंडूता (बिलासपुर)। बरसात का मौसम कहर बनकर बरप रहा है। झंडूता विकास के अंतर्गत ग्राम पंचायत बलघाड़ में बारिश से करीब 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यही नहीं अभी भी पंचायत में कई जगह भूस्खलन हो रहा है। इससे किसानों की उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुंच रहा है।
जानकारी के अनुसार बारिश गांव ठप्पर के मदन लाल कपिल, कृष्ण सिंह के मवेशीखाने, गांव प्राहू के रमेश कुमार का मवेशीखाना, बल्हजोल के लौहकू राम का रसोई घर ढह गया है। गांव धराड़ के करतार सिंह, सुरेंद्र सिंह, पपलाह गांव के ईश्वर दत्त गर्ग, मटेरी गांव के राम सिंह की काफी जमीन धंसने से फसल व पेड़ पौधे नष्ट हो गए हैं। संपर्क सड़क पपलाह व भल्लू-बिल्यौर सड़क ल्हासे गिरने से अवरुद्ध हो गई हैं। भू-स्खलन से राजकीय प्राथमिक पाठशाला धराड़ के भवन को भी भारी खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय निवासी सुभाष वर्मा, प्रेम सिंह, अमर सिंह, सुरेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, सरोज कुमारी ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही कोई उचित कदम नहीं उठाए गए तो समस्या विकराल रूप धारण कर सकती है। उन्होंने मांग की है प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए।
पंचायत प्रधान बाबू राम राणा ने कहा पंचायत के कई गांवों में बारिश से नुकसान हुआ है। इससे संबंधित पंचायत का दौरा कर प्रशासन को रिपोर्ट जमा करवा दी गई है। तहसीलदार झंडूता दमन चंद ने कहा कि ग्राम पंचायत बलघाड़ में बारिश से हुए नुकसान की सूचना मिल चुकी है। संबधित पटवारी को नुकसान के रिपोर्ट कार्यालय जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता बलदेव ठाकुर ने कहा कि जल्द ही अवरुद्ध हुई संपर्क सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
