सीटी स्कैन मशीन ठप

चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल में पांच दिनों से सीटी स्कैन नहीं हो रहे हैं। इसके चलते मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीटी स्कैन करवाने के लिए मरीजों को मजबूरन निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा है। इससे गरीब मरीजों को ईलाज करवाना महंगा साबित हो रहा है। बताया जा रहा है कि मशीन में आई तकनीकी खराबी के चलते सीटी स्कैन नहीं हो रहे हैं। पांच दिनों तक सीटी स्कैन की मशीन ठीक न होने से मरीजों में स्वास्थ्य महकमे के प्रति काफी रोष है। मरीजों का कहना है कि जिला अस्पताल में पांच दिन बीतने के बाद भी मशीन ठीक नहीं हो रही है तो अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का क्या हाल होगा। निजी क्लीनिकों में सीटी स्कैन करवाने की मोटी फीस वसूली जाती है। गौर रहे कि यह सीटी स्कैन सप्ताह में दो बार होता है। उक्त अस्पताल में करीब 40 मरीजों का एक दिन में सीटी स्कैन होता है। ऐसे मे कई मरीज अस्पताल में इस सुविधा से वंचित हो गए हैं। मरीज देस राज, विनोद कुमार, बचन सिंह, योगराज ने बताया कि जिला अस्पताल में तो सीटी स्कैन को एक दिन में ठीक करवाया जाना चाहिए। उन्होंने जिला अस्पताल प्रबंधन के सुस्त रवैये की कड़ी अलोचना की है। अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के सीटी स्कैन न होने से तीमारदारों में रोष पनपना लाजिमी है। मरीजों के साथ आए तीमारदारों का कहना है कि वे कई किलोमीटर दूर से जिला अस्पताल में ईलाज के लिए पहुंचते हैं। जिला अस्पताल में बेहतर इलाज न मिलने से उन्हें काफी निराशा होती है।
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा प्रबंधन डा. विनोद शर्मा ने बताया कि मशीन में आई तकनीकी खराबी के कारण सीटी स्कैन नहीं हो रहे हैं। मशीन ठीक करवाने के लिए मैकेनिक को बुलाया गया है और जल्द मशीन ठीक कर दी जाएगी।

Related posts