
जुब्बल (शिमला)। शराचली क्षेत्र के तहत भोलाड़ नाला के समीप पोक्टा मार्ग पर शुक्रवार को एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे ट्रक नंबर एचपी 63-4041 सेब लादने के लिए पोक्टा की ओर जा रहा था। इसी बीच भोलाड़ नाला से कुछ मीटर आगे पोक्टा संपर्क मार्ग पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक को दुर्घटनाग्रस्त होते हुए देखा तथा तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया। ट्रक में चालक सहित तीन लोग सवार थे। घटना में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों में ढाडी गांव निवासी डीप सेन (55) तथा मंडी निवासी ईश्वर दत्त (49) शामिल हैं। ट्रक चालक मंडी निवासी प्रेम सिंह को घायल अवस्था में प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल जुब्बल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि घटना में दो व्यक्तियों की मौत हुई है। पुलिस की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
