
जीरकपुर: जीरकपुर के वी.आई.पी. मार्ग पर स्थित पैंटा होम्स के मुख्य गेट पर मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे हाथों में डंडे, कुल्हाड़ी व रॉड लेकर चार संदिग्ध लोगों ने रैकी की। सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद इन संदिग्ध लोगों ने धोती पहने हुई थी। करीब 10 मिनट सुरक्षा गार्ड से बातचीत करने के बाद वहां से खिसक गए।
इस घटना से यहां रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। पैंटा होम्स निवासियों में इस बात का रोष है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने रात के समय गश्त नहीं बढ़ाई है।
हिंदी में कर रहे थे बातचीत
पैंटा होम्स में गेट के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हुए संदिग्ध लोगों को देखकर ऐसा लग रहा था कि वह दहशत फैलाने के मकसद से यहां आए थे। चार लोगों में से दो ने धोती-कमीज तथा एक ने बनियान-धोती व एक अन्य जो सुरक्षा गार्ड से बातचीत कर रहा था, उसने केवल धोती पहने हुई थी तथा हाथ में रॉड पकड़ी हुई थी।
पैंटा होम्स निवासी रणजीत कौशल ने बताया कि रात के समय सुरक्षा गार्ड सोबित थापा तैनात था, जिससे संदिग्ध लोगों ने बातचीत की थी। चारों लोग प्रवासी दिखाई देते थे तथा हिंदी में बात कर रहे थे। इन लोगों ने सुरक्षा गार्ड से पैंटा होम्स में कितने सुरक्षा गार्ड्स हैं व किसके पास कौन-कौन सा हथियार है, के बारे में पूछताछ की तथा डराने-धमकाने की बात करते हुए कहा कि उनके साथ और भी कई लोग हैं।
उन्होंने बताया कि गेट बंद होने पर वह बाहर खड़े सुरक्षा गार्ड से बातचीत करते रहे तथा वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में उनकी पूरी हरकत कैद हो गई। संदिग्ध लोगों में से जो सुरक्षा गार्ड से अधिक बात कर रहा था, उसके हाथ में मोबाइल फोन भी था।
पुलिस नहीं गंभीर
रणजीत, वी.के शर्मा, संदीप मल्होत्रा, विजय, अभिषेक गुप्ता, दीपक, दयाल समेत अन्य पैंटा होम्स निवासियों ने रोष व्यक्त किया कि पुलिस को मामले की पूरी जानकारी दी तथा सी.सी.टी.वी. फुटेज भी दिखाया लेकिन पुलिस गंभीर नहीं दिखाई दे रही है तथा दो बार पुलिस के पास जाने पर भी रात के समय पुलिस ने गश्त नहीं बढ़ाई। में दहशत फैली हुई है।
संदिग्ध लोगों की तलाश जारी
इस घटना के बारे में थाना प्रभारी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। सी.सी.टी.वी. फुटेज देखकर पेंटा होम्स के गेट पर सुरक्षा गार्ड से बातचीत कर रहे संदिग्ध लोगों की तलाश में पुलिस जुट गई है। कई टीमें बनाकर उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस रात के समय पूरे शहर में गश्त कर रही है।
