
रुड़की। करीब ढाई माह पूर्व आरआईटी के चेयरमैन के घर दिनदहाड़े लूट करने के मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चाकू और जेवरात बरामद हुए हैं। गिरोह का सरगना अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। पकड़े गए आरोपी यूपी के रहने वाले हैं।
बृहस्प्तिवार को कोतवाली गंगनहर में एसएसपी राजीव स्वरूप ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछली 6 जून को तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े रामनगर स्थित आरआईटी के चेयरमैन सतेन्द्र गुप्ता के घर से लाखों के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस मामले में गंगनहर कोतवाली के एसएसआई रफत, एसआई प्रमोद कुमार, मनोज रावत तथा कांस्टेबल प्रवीण की टीम बदमाशाें की धरपकड़ में लगी थी। पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरआईटी की चेयरमैन के घर लूट करने वाले बदमाश रामनगर में देखे गए हैं। इस सूचना पर पुलिस रामनगर पहुंची और आनंद होटल के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियाें ने अपने नाम रजनीश निवासी गन्ना सोसायटी रेलवे रोड देवबंद थाना छपार तथा दूसरे ने विकास निवासी बैंक वाली गली सिसौना थाना छापा मुजफ्फरनगर बताया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान सतेन्द्र गुप्ता के घर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए जेवरात बरामद किए गए हैं। पीड़ित परिजनों ने भी बदमाशाें की शिनाख्त की है। गिरोह का सरगना मनोज उर्फ बिल्ला अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। पुलिस गिरोह के सरगना की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। वारदात से पहले बदमाशों ने आसपास के मकानों और वारदात के बाद भागने के रास्ताें की पूरी जानकारी जुटा रखी थी।
कई थानों में दर्ज है मुकदमे
एसपी देहात अजय सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य काफी शातिर हैं। आरोपियों के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। एसपी देहात ने बताया कि गिरोह के आरोपियों के खिलाफ मवाना मेरठ, थाना मंडी मुजफ्फरनगर तथा छपार के थानों में करीब पांच मुकदमे दर्ज हैं।
