विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को तोहफा

श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों का स्थायीकरण किया गया है। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इस आदेश के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
वर्ष 2008 में शासन स्तर से विश्वविद्यालय में 795 पदों के स्थायीकरण के आदेश जारी हुए थे। इन पदों पर 30 से 35 वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों का स्थायीकरण किया जाना था, जो काफी समय से नहीं हो पाया था। विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद ने इस मामले को लेकर आंदोलन भी किए थे। कर्मचारियाें की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थायीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में ग्रुप बी और सी के 350 पदों पर कर्मचारियों का स्थायीकरण किया गया है। इसके अलावा 200 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया भी युद्ध स्तर पर चल रही है। जल्द इनके स्थायीकरण के आदेश भी जारी होने की उम्मीद है।

विश्वविद्यालय ने लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों का स्थायीकरण कर दिया है। पहले चरण में ग्रुप बी और सी के 350 कर्मचारियों के आदेश जारी किए गए हैं। जल्द अन्य कर्मचारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। – प्रो. पीएस राणा, कुलसचिव गढ़वाल विश्वविद्यालय।

Related posts