
नाचनी (पिथौरागढ़)। नाचनी के ननकना गांव में एक आवासीय मकान ध्वस्त हो गया। खतरे के कारण परिवार पहले से ही अन्य व्यक्ति के मकान में रह रहा था, जिसकी वजह से कोई जन या पशुहानि नहीं हुई। अतिवृष्टि से बांसबगड़ में स्कूल का संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गया है। खेतोली में चार मकान भूकटाव से खतरे की जद में आ गए हैं।
ग्राम पंचायत समकोट के ननकना के कुंदन सिंह पुत्र पोखर सिंह का मकान बुधवार की रात करीब 11 बजे भरभरकर गिर गया। यह मकान डेढ़ महीने पहले खतरे की जद में आ गया था। परिवार ने गांव में ही त्रिलोक सिंह के मकान में शरण ले रखी थी। प्रभावित परिवार गरीब है। गांव के लोगों ने तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। राजस्व दल ने क्षति का आंकलन कर लिया है।
उधर, बांसबगड़ के मोटर पुल से प्राथमिक स्कूल बांसबगढ़ तक एक किमी हिस्से में संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गया है। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। राजस्व गांव खेतोली में हरीश चंद्र जोशी, खड़क सिंह, बृजमोहन जोशी, हरीश उपाध्याय के मकानों को भूस्खलन से खतरा पैदा हो गया है। ग्राम प्रधान टीका राम ने एसडीएम को पत्र देकर भूस्खलन पर रोक लगाने की मांग की है।
