
थल (पिथौरागढ़)। बुधवार शाम को पतेत के पास सड़क किनारे से नदी में गिरे बुजुर्ग की शिनाख्त हो गई है। बुजुर्ग धरमघर क्षेत्र के लमजंगड़ा निवासी हैं। घर से दांत तुड़वाने के लिए निकले थे।
थल से 43 किमी दूर लमजंगड़ा निवासी मोहन सिंह महरा (64) पुत्र प्रताप सिंह महरा बुधवार सुबह 11 बजे घर से धरमघर में दांत तुड़वाने को निकले, वह कई दिनों से दांत दर्द से पीड़ित थे। शाम को 6 बजे थल से तीन किमी आगे मुनस्यारी रोड में पतेत के पास उन्हें होटल में बैठा देखा गया। 6.30 सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग का पैर फिसला और सीधे नदी के किनारे जा गिरे, मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग को सड़क के किनारे से गिरते हुए जंगल में घास काट रही महिलाओं ने देखा।
थल के बलवंत सिंह सत्याल, गोपी चंद, सुंदर मेहता के साथ ही थानाध्यक्ष चंदन सिंह के नेतृ्त्व में गई पुलिस टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्त के बाद शव को खाई से निकाला। रात आठ बजे बुजुर्ग की शिनाख्त हो पाई। मृतक के दो पुत्र विदेश में सर्विस करते हैं। बुजुर्ग धरमघर जाने के स्थान पर थल क्यों पहुंचे यह रहस्य बना हुआ है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है।
