कई घरों में घुसा मलबा, दीवारों में दरारें

घनसाली (टिहरी)। बारिश से भिलंगना क्षेत्र के लोगों की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। ब्लॉक का खसेती गांव भी भूस्खलन की जद में आ गया है। गांव के ऊपर हो रहे भूस्खलन के कारण नौ परिवाराें के मकानों पर खतरा बना हुआ है। इनमें से छह परिवार दूसरे लोगों के मकानों में शिफ्ट हो गए हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र विस्थापन करने की मांग की है।
बुधवार की रात हुई बारिश से खसेती गांव के ऊपर भूस्खलन शुरू हो गया। लक्ष्मी प्रसाद, लाखीराम, चंद्रमणी, सोना देवी, राधा देवी, दिवाकर दत्त के घरों में मलबा भर गया। बीनू देवी, मधु देवी और राजेश के घरों में दरार पड़ गई और अंागन धंस गए। ग्राम प्रधान संजीव डंगवाल और जिला पंचायत सदस्य डा.नरेंद्र डंगवाल ने बताया कि प्रशासन से गांव का भूर्गीय सर्वे करने का अनुरोध किया गया है। भूस्खलन की समस्या खसेती गांव में पहले कभी नहीं देखी गई थी। एसडीएम जगदीश लाल ने बताया कि स्वयं खेेती गांव का निरीक्षण किया और भूस्खलन से समस्या गंभीर बनती जा रही है जिन घरों में मलबा गिर रहा है उन्हें घरों के अंदर नहीं रहने को कहा गया है।
पाचरी में बादल फटा कई नाली खेती चौपट
नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम पाचरी में बादल फटने से ग्रामीणों की 60 नाली भूमि और कई फलदार पेड़ मलबे की भेंट चढ़ गए। गांव के जटूराम पेटवाल, पुरुषोत्तम दत्त, कमलेश्वर प्रसाद और राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की शाम हुई भारी बारिश के बाद सिंध नामे तोक में बादल फटने से काफी नुकसान हुआ।

Related posts