मां वज्र बाराही की शोभायात्रा निकली

देवीधुरा। बाराहीधाम में बग्वाल के दूसरे दिन मां वज्र बाराही की शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा के 50,000 से अधिक लोग साक्षी बने। सुहावने मौसम के बीच मां का जयकारा करते हुए शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू हुई जो मुचकंद ऋषि के आश्रम की परिक्रमा कर वहां कुछ समय रहने के बाद वापस लौट आई।
ऐसी मान्यता है कि मां वज्र बाराही ने मुचकंद ऋषि को स्वयं इस दिन अपने दर्शन देने के लिए उनके पास जाने का वर दिया हुआ था। इससे पूर्व नंदघर में मां बाराही की पं. तारा दत्त शास्त्री, भुवन शास्त्री, कीर्ति शास्त्री आदि ने मूर्ति को धार्मिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की। इसी के साथ शोभायात्रा शुरू हुई।
मचवाल से लौटते समय शिलिंग चौबाड़ी में यह मूर्ति गहड़वाल खाम के पान सिंह को सौंपी गई। जिन्होंने मां वज्र बाराही को यथास्थान स्थापित किया। इस अवसर पर गोपाल पंतोला, हरीश पांडेय, जगदीश जोशी, विनोद गड़कोटी, देवेंद्र पांडेय, त्रिभुवन चम्याल, नरेंद्र राणा, बिशन सिंह चम्याल, त्रिलोक सिंह डूंगर सिंह, नंदन सिंह, पुष्कर सिंग्वाल, प्रवीण जोशी, हयात सिंह बिष्ट, दान सिंह राणा के अलावा सभी खामों के प्रमुख लोग शामिल थे। शोभायात्रा में भाग लेेने के लिए पूर्व डीआईजी एएम पांडेय भी यहां आए हुए हैं। पूर्व प्रमुख भगीरथ भट्ट समेत दूरदराज क्षेत्रों से आए हुए लोगों ने भी शोभायात्रा में भाग लेकर मनौतियां मांगी।

Related posts